मदेयगंज थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिसकर्मियों ने गोमती नदी में कूदे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच पॉलीगन मोबाइल टीम नया पक्का पुल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक कार खड़ी दिखाई दी। आसपास जांच करने पर पुलिसकर्मियों को नदी से किसी व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पुलिस के अनुसार, युवक नदी में काफी छटपटा रहा था और मदद के लिए पुकार रहा था। मौके पर तैनात आरक्षी अवधेश कुमार और आरक्षी जितेंद्र कुमार सरोज ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अवधेश कुमार कुड़िया घाट के पास से नाव लेकर खुद नदी में पहुंचे और काफी प्रयास के बाद युवक को नाव में बैठाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शाश्वत शुक्ला, निवासी प्रतापगढ़ बताया। पुलिस के मुताबिक, शाश्वत ने बताया कि वह ओला-उबर के जरिए कार चलाता है और लोन की कई किस्तें बकाया होने तथा समय से भुगतान न कर पाने के कारण उसने नदी में छलांग लगाई थी। पुलिस टीम ने युवक को समझाया और काउंसलिंग के बाद नियमानुसार उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।