फैजुल्लागंज के दाउदनगर और मामा कॉलोनी में जलभराव के बीच लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कई परिवार अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों और गांवों की ओर जा रहे हैं। लोग जरूरी सामान लेकर ट्रैक्टरों और नावों के सहारे सुरक्षित स्थानों की ओर निकल रहे हैं। जलभराव के बीच लोगों को बच्चों और जरूरी सामान को सुरक्षित निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। सामने आई तस्वीरों में एक युवक गाय के बछड़े को कंधे पर बैठाकर पानी से गुजरता नजर आया। वहीं, एक पिता अपनी बेटी को लेकर पानी के बीच से सुरक्षित स्थान की ओर जाता दिखा। स्थानीय लोग प्रभावित परिवारों के बीच ट्रैक्टर से खाना भी बांट रहे हैं। वहीं, नावों की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ नावें खराब हैं और नाव मिलने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों ने पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराने और राहत व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।