लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर पिछले एक महीने से ईको गार्डन में धरना दे रहे आपदा मित्रों ने विधानसभा तक मार्च निकालने की कोशिश की। आपदा मित्र परिवर्तन चौक से विधानसभा की ओर बढ़े। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि आपदा मित्र वर्ष 2018 से बाढ़, भूकंप, छठ पूजा, सावन, दुर्गा पूजा, धार्मिक मेलों और सड़क सुरक्षा जैसे कार्यों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आठ साल की सेवा के बाद भी आपदा मित्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री की ओर से उचित मानदेय, प्रदेश के सभी 75 जिलों में तैनाती, राजस्व विभाग से जोड़ने और होमगार्ड बनाने जैसी घोषणाओं पर अब तक अमल नहीं हुआ। प्रशिक्षण और कार्य दिवसों का भुगतान भी बकाया है।