इंदिरा नगर स्थित भूतनाथ मार्केट में दिवाली के कारण लग रहे भीषण जाम को लेकर 'अमर उजाला' में खबर प्रकाशित होने के बाद गाजीपुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। गाजीपुर इंस्पेक्टर ने टीम के साथ बाजार के मुख्य प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा दी है। नई व्यवस्था के तहत चार पहिया (फोर-व्हीलर) वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कार सवारों को गाड़ियां बाजार से दूर पार्क करके आना होगा, जबकि दो पहिया वाहनों और पैदल खरीदारों को ही अंदर जाने की अनुमति है। व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे ग्राहकों को खरीदारी करने और बाजार में घूमने में काफी आसानी होगी।