अमर उजाला ब्यूरो झांसी। बबीना के पास काली पहाड़ी गांव में शुक्रवार दोपहर गिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक गिट्टी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जुगनू (24) उर्फ लखन को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। बबीना के खजराहा बुजुर्ग गांव निवासी जुगनू पुत्र कैलाश, संदीप अहिरवार पुत्र रोशन और रूपेंद्र परिहार पुत्र नंदराम ट्रैक्टर से गिट्टी लाने-ले जाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह भी जुगनू रोजाना की तरह काम पर गया था। तीनों खजराहा बुजुर्ग से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी लादकर आरा मशीन की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काली पहाड़ी गांव के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली समेत सड़क पर पलट गया। इससे तीनों युवक उसके नीचे दब गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने गिट्टी और मलबा हटाकर तीनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने जुगनू को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। बबीना थानाध्यक्ष राहुल राठौर के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। दोनों घायल युवकों की हालत अब खतरे से बाहर है।