ललितपुर। जनपद में नकली एवं मिलावटी खाद की बिक्री और कालाबाजारी के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और खराब हुई उड़द की फसल का निष्पक्ष सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि किसान खाद की कमी, नकली एवं मिलावटी खाद की बिक्री और उड़द की फसल खराब होने जैसी समस्याओं से परेशान हैं। इन समस्याओं के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। सपा जिलाध्यक्ष ने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने के साथ संबंधित क्षेत्रों में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब हुई उड़द की फसल का निष्पक्ष सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी, अभिलाषा कुशवाहा, राजकुमारी गौतम, रामविलास रजक, अनवर खान, अरशद मंसूरी, अभि जैन खजुरिया, राहुल रजक नीलू, रोहित राठौर, नरेंद्र सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।