अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय तिरंगे के कथित अपमान की घटना को लेकर पौनी क्षेत्र में लोगों में रोष देखने को मिला। इस संबंध में पूर्व सेना से सेवानिवृत्त अजय शर्मा, जीवन शर्मा सहित अन्य लोगों ने प्रेस वार्ता कर घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त 2026 को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर एक कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा भारतीय तिरंगे के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई है। प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर तिरंगे को फाड़ने और पैरों से कुचलने के आरोप लगाए गए हैं। अजय शर्मा और जीवन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है, इसलिए तिरंगे का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ा कदम उठाया जाए। उन्होंने कहा कि विदेश की धरती पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार से विदेशों में भारतीय ध्वज की गरिमा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।