दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई भारी बारिश ने राजधानी और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे सड़कों पर यातायात की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कनॉट प्लेस में आउटर सर्कल के पास भी बारिश का पानी जमा हो गया। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश को लेकर चेतावनी और पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड में भी 6 और 7 सितंबर को बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 और 11 सितंबर को एक बार फिर बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें तो 6 सितंबर को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और दोपहर या शाम के समय हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 7 और 8 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए वाहन चालकों और आम लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के दौरान बारिश की संभावना बनी रहेगी. छत्तीसगढ़ में 8 से 11 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जहां 9 से 11 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 6 से 8 सितंबर, झारखंड में 9 सितंबर और ओडिशा में 9 से 11 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अलर्ट है. इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 सितंबर तक वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान है