कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्ह में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। विधायक विवेक शर्मा ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने की क्षमता विकसित होती है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका संकल्प कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल बनाना है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र के सरकारी शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल बच्चों को उचित मार्गदर्शन, बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दें, ताकि बच्चे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। समारोह के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से विधायक के समक्ष संस्थान की विभिन्न मांगें और आवश्यकताएं रखी गईं। विधायक विवेक शर्मा ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और स्कूल में विकास कार्यों को गति देने के लिए दो लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा।