युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से माय भारत के सहयोग से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी ऊना प्रदीप कुमार ने बताया कि इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन 31 अक्तूबर से 10 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले युवाओं को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन युवाओं को राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलेगा। यह कार्यक्रम 9 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम की खास बात राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाली पुरस्कार राशि है। प्रथम स्थान हासिल करने वाले युवा को 5 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3 लाख रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले युवा को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। विजेताओं को नकद राशि के साथ स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दो युवाओं को एक-एक लाख रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, इस बार जिला स्तरीय कार्यक्रम का विषय ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ रहेगा। प्रतिभागियों को निर्धारित तीन मिनट की समयावधि में इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। युवाओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने और चयन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए पांच सदस्यों वाला निर्णायक मंडल भी शामिल रहेगा। यह कार्यक्रम युवाओं को सार्वजनिक विषयों पर अपने विचार रखने, वक्तृत्व कौशल प्रदर्शित करने और जिला स्तर से आगे राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।