फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर यूथ पार्लियामेंट, अनमोल शर्मा ने हासिल किया पहला स्थान

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से मेरा युवा भारत ऊना के बैनर तले विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2026 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ रहा। इसमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी एवं एचएएस अधिकारी आवास पंडित ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एसवीएसडी कॉलेज भटोली के प्रिंसिपल डॉ. अरविंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को तीन मिनट का समय दिया गया, जिसमें उन्होंने निर्धारित विषय पर अपने विचार रखे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के छात्र अनमोल शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। छवि शर्मा दूसरे और भटोली कॉलेज की छात्रा नंदनी ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। मुख्य अतिथि आवास पंडित ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युवाओं में नई सोच के साथ जागरूकता और जानकारी होना भी जरूरी है। युवा पीढ़ी को अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, ताकि उसकी ऊर्जा सही दिशा में लग सके। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को करने के पीछे स्पष्ट उद्देश्य होना चाहिए, तभी उसके परिणाम सार्थक होंगे। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास बनाए रखने और किसी भी काम को केवल समय बिताने के लिए नहीं करने की सलाह दी। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश-दुनिया की जानकारी के लिए सोशल मीडिया से जुड़ना जरूरी है, लेकिन इसे खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए। युवाओं को इसके इस्तेमाल पर नियंत्रण रखना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में भाग लेने से युवाओं का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ता है। मंच पर अपने विचार व्यक्त करने से उनमें संवाद कौशल विकसित होता है और वे जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सौहार्दपूर्ण माहौल में अपने विचार रखने का आह्वान किया। विशेषज्ञों ने निभाई निर्णायक मंडल की भूमिका प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. लिली ठाकुर, जिला नोडल अधिकारी एनएसएस भटोली, डॉ. विपुल शर्मा, सहायक प्राध्यापक इंडस यूनिवर्सिटी बाथू, जिला आपदा प्रबंधन ऊना के समन्वयक राजन शर्मा, प्रोफेसर प्रीति शर्मा और यूथ अवार्डी जसवीर ठाकुर शामिल रहे। 12 जनवरी 2027 को दिल्ली में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी तीन विजेता प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 12 जनवरी 2027 को दिल्ली में होगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को पांच लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को तीन लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। इसके अलावा दो प्रतिभागियों को एक-एक लाख रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। प्रदीप कुमार के अनुसार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विषयों की जानकारी कार्यक्रम से पहले प्रतिभागियों को दे दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें