राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकी मन्यार में गुरुवार को अग्निशमन विभाग बंगाणा की ओर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने के कारणों, बचाव के उपायों और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। फायरमैन प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में बलविंदर कुमार और धीरज कुमार शामिल रहे। टीम ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना चाहिए। सही तकनीक अपनाकर जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। विद्यार्थियों को आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति सजगता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। इस दौरान उपप्रधानाचार्य संजीव रांगड़ा, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान जीवन कुमार बाली, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी जतिंद्र शर्मा और अंजू ठाकुर सहित शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।