फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना में पेंशनरों का दूसरे दिन भी धरना, 19 नवंबर को विधानसभा घेराव में जुटेंगे 2 से 3 हजार पेंशनर

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्ज संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार को दूसरे दिन भी पेंशनरों ने एमसी पार्क ऊना में धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताया। पेंशनरों ने लंबित वित्तीय लाभ और अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। समिति ने 17 नवंबर तक रोजाना प्रदर्शन जारी रखने और 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करने का एलान किया है। धरने में शामिल पेंशनरों ने कहा कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग के तहत संशोधित पेंशन मिलने के बावजूद कम्यूटेशन, ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट की बकाया राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि कुल 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) में से केवल पांच प्रतिशत का भुगतान किया गया है, जबकि शेष 13 प्रतिशत अभी लंबित है। इसके अलावा डीए एरियर के 206 महीनों की राशि भी जारी नहीं की गई है। समिति ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों को पांच प्रतिशत डीए का लाभ देने और 17 सूत्रीय मांगपत्र पर कार्रवाई करने की मांग उठाई। ऊना जिला अध्यक्ष एवं समिति के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरमेश सिंह राणा ने कहा कि पेंशनरों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाकर लंबित वित्तीय लाभ जारी किए जाएं। समिति ने एलान किया है कि 17 नवंबर तक एमसी पार्क सहित प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में रोजाना धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। समिति के अनुसार, इस घेराव में ऊना जिला से करीब दो से तीन हजार पेंशनर शामिल होंगे। पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर सिटी यूनिट संयोजक मेहर सिंह चंदेल, राम स्वरूप शर्मा, बेनी चंद राणा, जिला महासचिव प्रेम लाल शर्मा, सुभाष चंद राणा सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें