दो महीने से बदले मौसम के तेवरों से उप मंडल अंब में आम और लीची समेत अन्य फलों को खासा नुकसान पहुंचा है। इस साल पहले फ्लावरिंग के समय बेमौसमी बारिश और आंधी तूफान ने बागवानों की बंपर फसल की उम्मीदों को झटका दिया। कम ही मात्रा में आम के पौधों पर बोर लगे थे, फिर फ्रूट सेटिंग के दौरान नमी से आम के बौर काला पड़ने शुरू हो गए और अब तेज आंधी-तूफान ने बागवानों को पूरी तरह हिला दिया है। हालांकि, इस बार मौसम की बेरुखी से आम की फसल को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मगर एक मोटे अनुमान के मुताबिक उप मंडल अंब में करीब 70 फीसदी आम की फसल बर्बाद हो चुकी है। इससे पहाड़ी इलाकों के बागवानों में मायूसी है। किसानों ने आम की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार तथा बागवानी विभाग से मुआवजे की मांग की है।