सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त विनय मोदी ने जिला अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अपना योगदान देने की प्रतिज्ञा की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त विनय मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस और राष्ट्रीय संकल्प दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।