कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान, वर्तमान चयनकर्ता एवं बीएसएफ में कमांडर इन चीफ राणा सुरजीत सिंह कंवर ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश में वॉलीबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों और खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाए जा रहे मंच की सराहना की। प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर बीएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, महासचिव मदन राणा, जिला महासचिव राजेंद्र रिंकू, प्रतियोगिता संचालक चरणजीत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राणा सुरजीत सिंह कंवर ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कभी उन्होंने भी छोटे-छोटे मैदानों में मंडल स्तर से खेलना शुरू किया था और धीरे-धीरे राज्य स्तर तक पहुंचे। खेल के प्रति लगन, मेहनत और अनुशासन ही खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाणा जैसे क्षेत्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन देखकर उन्हें अपने पुराने खेल के दिन याद आ गए। ऐसे आयोजन जूनियर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। राणा सुरजीत सिंह कंवर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल खिलाड़ियों को उचित मंच, अच्छे मार्गदर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर के नेतृत्व में हिमाचल वॉलीबॉल संघ की कार्यप्रणाली को सराहनीय बताया।