ऊना में जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम ऊना में जिला स्तरीय ओपन जूडो चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता को खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया ने किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊना जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। जूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी युवाओं को खेलों से जुड़ने और खेल के माध्यम से बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।