महाराणा प्रताप राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, अंब में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए गठित छात्र केंद्रीय परिषद (सीएससीए) का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ हुई। इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दर्शन कुमार ने सभी नवनिर्वाचित और मनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्राचार्य ने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और लोकतांत्रिक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में जिम्मेदारी के साथ योगदान देने का आह्वान किया। शपथ लेने वाले छात्र प्रतिनिधियों ने कॉलेज की गरिमा बनाए रखने, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने और परिसर में शांति एवं अनुशासन बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह में अलीशा ने अध्यक्ष, वंश ठाकुर ने उपाध्यक्ष, प्रियानी ने सचिव और रजनी ठाकुर ने संयुक्त सचिव पद की शपथ ली। विभागीय प्रतिनिधि के रूप में किरण बाला और अनामिका शर्मा ने दायित्व संभाला। कक्षा प्रतिनिधियों के रूप में भानु प्रिया, आस्था, अंकिता, शौर्य भारद्वाज, महक, चरणजीत कौर, यशस्विनी चौहान, श्रुति ठाकुर, सुनिधि, तमन्ना, अभी कालिया, नीतिका शर्मा, अंकिता, प्रागुन शर्मा और सालोनी ने शपथ ली। विभिन्न गतिविधियों और क्लबों के लिए साहिल संधू, तमन्ना जसवाल, अर्शदीप, वरुण, अभिषेक सिंह, इशिका, रमन संदल, आंचल शर्मा, तानिया शर्मा, प्रांजल धीमान, वासु जसवाल, सहज धीमान, कशिश अमृत, अंकित कुमार, महक चौधरी और सोनाक्षी राणा को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। समारोह के अंत में परिषद की समन्वयक डॉ. कृष्णा शर्मा ने सभी का आभार जताया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन डॉ. सुजाता ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।