हिमाचल के सोलन में भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी के बीच अब कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है। सोलन कांग्रेस उपाध्यक्ष शोभित बहल ने भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल उठाए हैं। शोभित बहल ने कहा कि भाजपा नेता की ओर से कर्नल संजय शांडिल को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इसी को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस उपाध्यक्ष शोभित बहल ने कहा कि शूलिनी माता और कंडाघाट के बाबा थड़ा मोड़ा का अपमान करने वालों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अपनी बात मजबूती से रखेगी। शोभित बहल ने कहा कि भाजपा जिस भाषा में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ टिप्पणी करेगी, उसी भाषा में जवाब सुनने के लिए भी उसे तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक तौर पर बयानबाजी का जवाब दिया जाएगा और कांग्रेस अपने नेताओं तथा मुद्दों को लेकर पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार विकास के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन विकास कार्यों को पचा नहीं पा रही है। सोलन में भाजपा और कांग्रेस के बीच पिछले कुछ समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी चल रही है। अब कांग्रेस उपाध्यक्ष के इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं।