रामशहर के तहसील ग्राउंड में 17 नवंबर से चल रही श्रीमद् भागवत कथा का पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन व्यासपीठ से आचार्य नरेंद्र भारद्वाज ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। आचार्य नरेंद्र भारद्वाज ने सुदामा चरित का वर्णन करते हुए बताया कि सुदामा अत्यंत गरीब थे, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण के परम मित्र थे। सुदामा की पत्नी सुशीला के बार-बार आग्रह करने पर वे भगवान कृष्ण से मिलने द्वारिका पहुंचे। हालांकि, संकोच के कारण वे उनसे अपनी आर्थिक परेशानी के बारे में कुछ नहीं कह सके। भगवान श्रीकृष्ण ने मित्र के मन की बात समझते हुए बिना मांगे ही उनकी दरिद्रता दूर कर दी। कथा के समापन अवसर पर सुबह 10 बजे कथा के यजमान हेमशंकर शर्मा और उनके परिजनों ने यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।