फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन: धर्मपुर से शिमला के लिए फिर दौड़ी ट्रेन, पर्यटकों को मिली राहत; 7:50 बजे यात्रियों को लेकर रवाना

Ankesh Dogra Updated Fri, 04 Sep 2026 10:24 AM IST

कालका-शिमला रेल मार्ग पर गुम्मा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण जहां रेल सेवा प्रभावित है, वहीं धर्मपुर से शिमला के बीच यात्रियों के लिए ट्रेन का सफर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह ठीक 7:50 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन यात्रियों को लेकर शिमला के लिए रवाना हुई। ट्रेन के संचालन को लेकर वीरवार शाम से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। शिमला से धर्मपुर पहुंची ट्रेन के इंजन में डीजल भरा गया। इसके बाद कालका से आए रेल विभाग के कर्मचारियों ने ट्रेन की मेंटेनेंस और तकनीकी स्थिति की जांच की। जांच के बाद ट्रेन को चलाने की अनुमति दी गई। शुक्रवार सुबह ट्रेन के धर्मपुर स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों में भी उत्साह नजर आया। कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने पहले से ही शिमला जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर रखे थे। निर्धारित समय पर यात्री धर्मपुर स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से शिमला के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि परवाणू के गुम्मा स्टेशन के नजदीक भारी बारिश के दौरान रेलवे ट्रैक के नीचे की जमीन खिसक गई थी। इससे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया है। सुरक्षा को देखते हुए कालका से शिमला के बीच ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। जब तक रेल विभाग क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित नहीं कर देता, तब तक इस हिस्से पर रेल सेवा सामान्य रूप से शुरू नहीं हो सकेगी। धर्मपुर से शिमला के बीच ट्रेन संचालन शुरू होने से बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पर्यटक धर्मपुर तक पहुंचने के बाद वहां से ट्रेन के माध्यम से शिमला का सफर कर सकेंगे। हालांकि, धर्मपुर से शिमला के बीच ट्रेन संचालन शुरू होने को लेकर रेल विभाग की ओर से किसी अधिकारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में ट्रेन सेवा के नियमित संचालन और समय-सारिणी को लेकर यात्रियों को रेलवे से ताजा जानकारी लेना उचित रहेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें