प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं रेणुका के विधायक विनय कुमार ने सोमवार को ददाहू में बीडीओ कार्यालय ददाहू का उद्घाटन कर उसे जनता को समर्पित किया। इस भवन को एक निजी किराये के भवन में खोला गया है। विनय कुमार ने कहा कि पंचायती राज विभाग सरकार की एक अहम कड़ी है। इसके माध्यम से गांव स्तर का विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि नए खुले विकास खंड कार्यालय में स्टाफ की कमी को जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायतों से जुड़े नए जन प्रतिनिधि को गुमराह नहीं करते हुए विकास के कार्यों में पंचायत प्रधानों की मदद करें। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों का ग्राम स्तर पर निरीक्षण के भी निर्देश दिए। इससे पूर्व बीडीओ दर्शन लाल पुंडीर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विकास खंड कार्यालय से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा 29 जुलाई 2025 को खोले गए इस विकास खंड कार्यालय से 26 पंचायतें व बीडीसी के 15 वार्ड जुड़े हुए हैं। नया कार्यालय खुलने से बेहतर सेवा मिलेगी। इस मौके पर कांग्रेस के जिला प्रभारी धर्मेंद्र धामी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, बीडीसी अध्यक्ष क्षमानंद शर्मा, उपाध्यक्ष रक्षा नेगी, प्रधान परिषद के अध्यक्ष नारायण सिंह व ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समस्त पंचायतों के प्रधान व बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।