नाहन (सिरमौर)। उपायुक्त कार्यालय परिसर से गुरुवार को विधायक अजय सोलंकी और उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मोबाइल कंप्यूटर वैन को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कई विद्यार्थी कंप्यूटर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह मोबाइल वैन गांव-गांव पहुंचकर विद्यार्थियों को कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक की व्यावहारिक शिक्षा देगी। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों के लिए आधुनिक डिजिटल कक्षा के रूप में काम करेगी। वैन में कंप्यूटर, लैपटॉप और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थी कंप्यूटर के सामान्य ज्ञान के साथ एआई जैसी आधुनिक तकनीकों की बुनियादी जानकारी भी हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि वैन में डिजिटल उपकरणों के साथ आवश्यक पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है। विशेष रूप से प्रशिक्षित शिक्षक भी वैन के साथ गांव-गांव जाकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। विधायक ने कहा कि बदलते दौर में कंप्यूटर और डिजिटल ज्ञान शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल शिक्षा की खाई को कम करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चलती-फिरती पाठशाला ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित होगी।