नाहन में स्टेपको सिरमौर उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या नृत्य, संगीत और मनोरंजन के रंगों से सराबोर रही। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और बाल प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक कार्यक्रम से जुड़े रहे। विशेष रूप से जूनियर और सीनियर डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने संगीत की धुनों पर मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। कुछ प्रतिभागियों ने पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई, जबकि अन्य ने आधुनिक नृत्य के माध्यम से मंच पर ऊर्जा भर दी। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। डांस प्रतियोगिता में विपिन कौशल, सुनील कुमार और प्रीति ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, मंचीय प्रस्तुति और नृत्य कौशल ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का एक और आकर्षण बेबी शो रहा। मंच पर पहुंचे नन्हे प्रतिभागियों की मासूमियत, चंचल अदाओं और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। बच्चों के अभिभावकों के साथ-साथ मौजूद दर्शकों ने भी नन्हे सितारों का जमकर उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा रैप बैटल और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जोश भर दिया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्भव शुक्ला मौजूद रहे। एसके अत्री, डॉ. अनिकेता, डॉ. सबलोक, लायंस क्लब, इनर व्हील और रोटरी हिल्स के प्रतिनिधियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई। रक्तदान के क्षेत्र में योगदान के लिए अमरजीत, जाबर खान और मनप्रीत कौर को प्रशंसा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। वहीं संतोष ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले फुटबॉल खिलाड़ियों सागर और शिवान ठाकुर को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की गई और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश की पहली हिंदी फिल्म ‘खूंटा’ की टीम भी नाहन पहुंची। फिल्म की टीम ने दर्शकों से रूबरू होकर फिल्म से जुड़ी जानकारी साझा की और इसका प्रचार किया। फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। नाहनवासियों ने फिल्म की टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और फिल्म के प्रति अपना समर्थन जताया। इस मौके पर स्टेपको के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर, सचिव वसीम खान, फरजाना सैय्यद, गगन सैनी, केतन बदलान, राजकुमार, अनीश सैनी, मोनू यादव, राजीव सोढ़ा, गीता कैंथ, सीमा सहित पूरी स्टेपको टीम मौजूद रही।