ब्रह्माकुमारीज आश्रम सेवा केंद्र अमरपुर नाहन में ‘विश्व एकता एवं विश्वास हेतु ध्यान..’, विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ब्रह्माकुमारीज संस्था की वरिष्ठ राजयोगिनी बीके चंद्रिका दीदी (उप-क्षेत्र प्रमुख ब्रह्माकुमारीज महादेव नगर गुजरात, अध्यक्षा कला एवं संस्कृति प्रभाग, अध्यक्षा युवा प्रभाग ब्रह्माकुमारीज) ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्यातिथि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल व संजय आहूजा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर राज योगिनी चंद्रिका दीदी ने मन को वश करने के लिए ध्यान की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जैसा हमारा संग होगा, वैसा ही हमारा रंग होता है, इसलिए हम यदि परमात्मा का संग करेंगे तो परमात्मा के समान बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि योगी मनुष्य की स्थिति मान-अपमान, निंदा-स्तुति, सफलता-असफलता, जय-पराजय हर परिस्थिति में एक जैसी रहती है। यह ज्ञान परमात्मा के सिवाय हमें कोई सीखा नहीं सकता और परमात्मा अजन्मा, अव्यक्त, निराकार, अभोक्ता है। उन्होंने कहा कि हम मनुष्य मन, बुद्धि संस्कार सहित चैतन्य आत्मा है और आत्मा के साथ गुण शांति, प्रेम, सुख, पवित्रता, ज्ञान, आनंद और शक्ति है। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि योग से विकारों से मुक्ति पाई जा सकती है। संजय आहूजा ने उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान नन्ही बालिका मृणालिनी ने मेरे आंगन के द्वारे..., गीत पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। बीके प्रियंका बहन ने सुंदर गीत गाया। बबीता और कमलेश ने बहुत मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, रजनी कश्यप व मधु बिंदल, संजय आहूजा ने सिरमौरी टोपी, शॉल एवं फूल देकर चंद्रिका दीदी का भव्य स्वागत किया। इनर व्हील क्लब और वैश्य सभा ने भी उनका स्वागत किया। मंच का संचालन सुशील भाई ने सुंदर ढंग से निभाया। इस मौके पर बीके मीना दीदी, स्थानीय सेवा केंद्र इंचार्ज बीके रमा, बीके ऋषि, बीके प्रियंका समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।