राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में आमवाला सैनवाला पंचायत की प्रधान सीमा देवी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पंचायत के पूर्व प्रधान संदीपक तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य आयूब खान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिविर के शुभारंभ अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें शिक्षकों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। वहीं, विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता राजकुमार ने विद्यार्थियों को मेडिटेशन करवाया। उन्होंने मानसिक एकाग्रता के महत्व से अवगत करवाते हुए विद्यार्थियों को ध्यान के माध्यम से मन को केंद्रित करने की जानकारी दी। विद्यालय में आयोजित यह एनएसएस शिविर 27 अक्तूबर तक चलेगा। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सामुदायिक सेवा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।