फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन में गुलरिया ढांक की समस्या पर बरसे डॉ. बिंदल, स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुलों से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने गुलरिया ढांक में बार-बार होने वाले भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क बंद होने से कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता में बिंदल ने कहा कि गुलरिया ढांक की समस्या पिछले दो से तीन वर्षों से बनी हुई है। उनके अनुसार, कई बार बारिश नहीं होने के बावजूद यहां मलबा गिर जाता है, जिससे सड़क पर आवाजाही प्रभावित होती है। डॉ. बिंदल ने समस्या के समाधान के लिए रूण नदी पर पुल और आगे एक अन्य पुल बनाकर वैकल्पिक सड़क मार्ग तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे कोटड़ी, गुलरिया, पालियो पंचायत के कुछ हिस्सों और आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिल सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस दिशा में जल्द कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को बार-बार सड़क बंद होने की परेशानी से राहत मिल सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नारायणगढ़ से सराहां के लिए शुरू की गई बस सेवा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई यह सेवा पिछले कई महीनों से बंद है। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बिंदल ने पूर्व भाजपा सरकार के दौरान कौलावाला भूड़ क्षेत्र में मझाड़ा खड्ड, नीम वाली और अंधेरी में पुल निर्माण का भी उल्लेख किया। डॉ. बिंदल ने दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 62 पुलों का निर्माण करवाया था। उन्होंने मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पुल निर्माण की स्थिति पर सवाल उठाते हुए सड़क और पुलों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि गुलरिया ढांक की समस्या को लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। बिंदल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो भाजपा आंदोलन करेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें