करीब डेढ़ वर्ष पहले शुरू हुआ बीडीओ कार्यालय ददाहू अब नए भवन में शिफ्ट हो गया है। सोमवार से नए भवन में कार्यालय का कामकाज भी शुरू कर दिया गया। इससे पहले बीडीओ कार्यालय पंचायत घर के सुरेंद्राश्रम में संचालित हो रहा था। कार्यालय के पंचायत घर में चलने से पंचायत की आय प्रभावित होने के साथ ही कामकाज में भी दिक्कतें आ रही थीं। अब बीडीओ कार्यालय को ददाहू से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नाहन-रेणुकाजी मार्ग पर बिजली कॉलोनी के समीप एक निजी भवन में स्थानांतरित किया गया है। दो मंजिला इस भवन में कर्मचारियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था के साथ पंचायत सचिवों, पंचायत प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के लिए बैठक की सुविधा भी उपलब्ध है। बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर ने बताया कि कार्यालय को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। नए भवन में कर्मचारियों के बैठने के साथ पंचायत सचिवों और पंचायत पदाधिकारियों की बैठक के लिए भी पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे कार्यालय के कामकाज को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।