दिल्लीगेट बाजार में भवन निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन लाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जेसीबी को बाजार से बाहर ले जाया जा रहा था। इस दौरान संकरे मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई। इसी समय स्कूलों की छुट्टी होने के कारण बच्चों और अन्य राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी गगन ने बताया कि दिल्लीगेट बाजार में दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी है। इसके बावजूद जेसीबी जैसे भारी वाहन बाजार में लाए जा रहे हैं। इससे बाजार के संकरे मार्ग पर यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से बाजार में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।