जिला एनएसयूआई ने अपने एक साल के कार्यकाल में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने के साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए। युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘युवान’ कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। यह जानकारी जिला एनएसयूआई अध्यक्ष मनदीप ठाकुर ने कांग्रेस भवन नाहन में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। मनदीप ठाकुर ने बताया कि संगठन का सामान्य कार्यकाल तीन वर्ष का होता है, लेकिन उन्हें जिला अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष तक काम करने का अवसर मिला। इस दौरान उनकी टीम ने कॉलेजों में विद्यार्थियों की समस्याओं और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को मंच देने और उनकी समस्याओं को सामने लाने के लिए संगठन ने जिले के विभिन्न कॉलेजों में गतिविधियां आयोजित कीं। जिला अध्यक्ष ने बताया कि विद्यार्थियों को संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न विषयों की जानकारी देने के उद्देश्य से त्रिलोकपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनके अनुसार, प्रदेश में पहली बार इस तरह का कॉलेज छात्र प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न कॉलेजों से 10-10 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारियां दी गईं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी आवाज को मंच देने के लिए जिले के सभी कॉलेजों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मनदीप ठाकुर ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। इसके तहत विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ‘युवान’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई गईं। इनमें कॉलेज विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। मनदीप ठाकुर ने एक साल के कार्यकाल में सहयोग देने के लिए कॉलेज विद्यार्थियों, स्टाफ और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से छात्र हितों के मुद्दों को उठाने और जागरूकता गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिली। प्रेसवार्ता में जिला महासचिव शानू ठाकुर, प्रियांश ठाकुर, सचिव जय ठाकुर, कैंपस कार्यकर्ता दीक्षित ठाकुर सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।