पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न हो गया। समापन समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुषमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवियों ने सरस्वती वंदना, वंदे मातरम और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। परमजीत ने पंजाबी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, छात्र-छात्राओं ने नशे के खिलाफ एक नाटक का मंचन किया। इसके माध्यम से समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और इससे बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एनएसएस गीत भी गाया गया। स्वयंसेवी दिव्या ने सात दिवसीय शिविर के दौरान हुई गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने स्वरचित कविता का पाठ भी किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। समारोह के अंत में पारंपरिक नाटी का आयोजन हुआ, जिसका सभी उपस्थित लोगों ने आनंद लिया। मुख्य अतिथि सुषमा ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या दीपिका, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सीमा रानी, अंजना चौहान, स्कूल के स्टाफ सदस्य और एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।