नाहन (सिरमौर)। आसमान साफ और बारिश नहीं होने के बावजूद कौलांवालाभूड़-बर्मा पापड़ी मार्ग पर गुलरिया में अचानक पहाड़ी दरक गई। गुरुवार शाम हुए भूस्खलन से सड़क पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई और दोनों ओर से यातायात ठप हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिना बारिश के इस सीजन में हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा भूस्खलन है। भूस्खलन के बाद कौलांवालाभूड़ की ओर से नाहन, कालाअंब और अन्य स्थानों की तरफ जाने वाले लोग और वाहन एक ओर फंस गए, जबकि बर्मा पापड़ी की तरफ से आने वाले लोग दूसरी ओर रुक गए। अचानक सड़क बंद होने से मौके पर वाहनों की कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।