नाहन शहर में पानी बचाने की मुहिम के बीच पेयजल की बर्बादी थमने का नाम नहीं ले रही है। नाहन के कई वार्डों की अंदरूनी गलियों में रोजाना पेयजल व्यर्थ बहकर नालियों में जा रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। रानीताल वार्ड में अशोक की चक्की वाली गली में रोजाना पानी बहने की समस्या बनी हुई है। यहां लोगों के घरों तक पेयजल पहुंचाने वाली पाइपें खुली पड़ी हैं। कई पाइपों में रिसाव हो रहा है, जबकि एक पाइप में हवा निकालने के लिए छोड़ी गई जगह पर गेटवाल का पेंच तक नहीं लगा है। इसके चलते घंटों तक पानी व्यर्थ बहता रहता है और बहुमूल्य पेयजल नालियों में चला जाता है। स्थानीय निवासी पंकज, पूजा, अमन और सरिता ने जलशक्ति विभाग से मामले का संज्ञान लेकर उचित कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने पेयजल पाइपों की मरम्मत करवाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की है।