पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में विद्यार्थियों ने मॉडल युवा ग्राम सभा के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था और ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। कार्यक्रम में छात्रों ने युवा सरपंच, पंचायत सदस्य और ग्राम विकास अधिकारी की भूमिकाएं निभाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा की और उनके व्यावहारिक समाधान भी प्रस्तुत किए। मॉडल ग्राम सभा में सबसे पहले गांवों की बुनियादी समस्याओं पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने जल संकट, खराब सड़कों, स्वास्थ्य शिविरों की कमी और मिड-डे मील की गुणवत्ता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। छात्रों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से काम करने और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय की जरूरत है। सभा के दौरान विद्यार्थियों ने नशे की बढ़ती समस्या को लेकर भी चिंता जताई। छात्रों ने मांग उठाई कि स्कूल परिसर के 100 गज के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने डिजिटल साक्षरता, युवाओं के कौशल विकास, पुस्तकालय की सुविधा, खेल गतिविधियों के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विचार रखे। चर्चा के दौरान छात्रों ने अपनी भूमिका को केवल समस्याएं गिनाने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके समाधान के लिए कई सुझाव भी दिए। मॉडल ग्राम सभा में विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद समस्याओं के समाधान को लेकर विधिवत प्रस्ताव भी पारित किए गए। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'युवा सहभागिता से सशक्त पंचायत और विकसित गांव' रहा। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. पी. बलोदी और उप-प्राचार्य मनोज कुमार के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका समन्वय पीजीटी भूगोल एमएल मेहरा ने किया। कार्यक्रम में डॉ. आशु वर्मा (पीजीटी इतिहास) और एमएस शीबा गुरुंग (टीजीटी सामाजिक विज्ञान) ने सहयोग दिया।