हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन, रेणुका विकास बोर्ड और विभिन्न विभागों ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रशासन ने 17 नवंबर से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए गिरि नदी पर अस्थायी पुल तैयार कर लिया गया है। इससे श्रद्धालु कम समय में नदी पार कर मेला मैदान तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा नदी किनारे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी तैयार कर ली गई है। इस बार मेले में देवताओं के ठहराव के लिए खेल मैदान में अस्थायी पंडाल बनाया जाएगा। यहीं से 19 नवंबर को मुख्य अतिथि देवताओं को विदाई देकर मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मेले की तैयारियों के तहत सड़कों की मरम्मत और सफाई का कार्य भी तेजी से चल रहा है। रेणुका विकास बोर्ड ने मंदिरों की साज-सज्जा और रंगरोगन का काम पूरा कर लिया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रेणु मंच भी तैयार किया जा चुका है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बिजली बोर्ड ने भी तैयारियां पूरी करने में जुटा है। मेला मैदान में रोशनी की उचित व्यवस्था करने के लिए 10 नए बिजली के खंभे स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही संत-महात्माओं के आश्रमों में भी श्रद्धालुओं और साधु-संतों के ठहरने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। निर्वाण आश्रम रेणुकाजी में श्रद्धालुओं के सोने के लिए पराली का बिछौना बिछाया गया है। यहां संत-महात्माओं का आगमन भी शुरू हो गया है। रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। 17 नवंबर से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर उन्हें अंतिम रूप दे दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के आयोजन में अब चार दिन शेष रहने के बीच लोक निर्माण विभाग ने भी सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया है। रविवार से ददाहू से रेणुकाजी तीर्थ तक सड़क की टारिंग शुरू की गई है। इसके अलावा सड़क किनारे पैदल चलने वाले रास्तों को मिट्टी डालकर समतल किया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी न हो। पुराने गिरि पुल की मरम्मत और रंगरोगन का काम भी किया गया है। विभाग की ओर से शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।