फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 30 सितंबर तक दें विकसित भारत क्विज

सिरमौर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और ज्ञान को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का शानदार अवसर है। मेरा युवा भारत की ओर से 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत विकसित भारत क्विज का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रतियोगिता के अगले चरणों में पहुंचने का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार, विजन और सुझाव रखने का अवसर भी प्राप्त करेंगे। यह जानकारी जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत सिरमौर अमृषा शर्मा ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि क्विज में भारत के सामान्य ज्ञान, समृद्ध विरासत, देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा और विकसित भारत-2047 से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण को लेकर सोच विकसित करना है। अमृषा शर्मा ने बताया कि विकसित भारत क्विज का आयोजन 22 भाषाओं में किया जा रहा है। इससे देशभर के युवा अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। उन्होंने सिरमौर के सभी पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में क्विज में हिस्सा लेने की अपील की। क्विज में शामिल होने के लिए युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल पर जाकर ‘मेरा युवा भारत यूथ’ के रूप में पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के दौरान मांगी गई बेसिक जानकारी भरने के बाद लॉगिन करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर उपलब्ध ‘विकसित भारत क्विज’ विकल्प का चयन कर ऑनलाइन क्विज में भाग लिया जा सकेगा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत चैलेंज कई चरणों में आयोजित किया जाएगा। क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 5 से 9 अक्टूबर तक निबंध प्रतियोगिता, 10 से 16 नवंबर तक जिला चैंपियनशिप और 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग होगा। प्रतियोगिता का राष्ट्रीय संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। अमृषा शर्मा ने कहा कि यह महज ज्ञान परखने वाली प्रतियोगिता नहीं है। इसके जरिए युवाओं को अपनी प्रतिभा, सोच और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें