भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में पीजी की 320 नई सीटें मंजूर की हैं। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी स्वीकृत की गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस राशि का समयबद्ध उपयोग कर नई सीटें शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने की मांग की। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रयासों से मिली इस मंजूरी से एमडी और एमएस की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे। मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग और नाक-कान-गला सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं में सीटें बढ़ने से भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पहले केंद्र से स्वीकृत कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का काम समय पर पूरा नहीं हुआ और धनराशि का समुचित उपयोग नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के भवनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संस्थानों, कैंसर संस्थानों और आधुनिक प्रयोगशालाओं के निर्माण व विस्तार के लिए भी केंद्र ने धन उपलब्ध करवाया है। प्रदेश सरकार को इन परियोजनाओं में हुई देरी की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया।