बाल दिवस के अवसर पर श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर नाहन की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शून्य से सात वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। साथ ही 'लिटिल चैंपियंस बेबी अवॉर्ड्स' कार्यक्रम के माध्यम से नन्हे बच्चों को प्रोत्साहित किया गया और उन्हें उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अस्पताल की नाहन शाखा की प्रशासनिक प्रमुख साधिका जोशी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्य अतिथि उपमा धीमान ने बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अस्पताल के निदेशक डॉ. दिनेश बेदी ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। अस्पताल का उद्देश्य केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप चौधरी ने अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण और उचित देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान बच्चों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक विकास और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जरूरी सुझाव दिए गए, ताकि वे शुरुआती उम्र से ही बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रख सकें। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल की प्रशासनिक प्रमुख साधिका जोशी ने मुख्य अतिथि और सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. नफीसा, डॉ. अनिल विष्णोई, डॉ. आदर्श, पीसीएस प्रबंधक मोहित शर्मा, विशाल कश्यप, संदीप सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।