एवीएन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में शुक्रवार को बाल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से नाहन के चौगान मैदान में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। खेलों के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट और दौड़ सहित अन्य खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह और उमंग देखते ही बना। विद्यालय के प्रधानाचार्य केके चंदोला ने बताया कि बाल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और कला का प्रदर्शन किया।