उपमंडल संगड़ाह में संचालित चूना पत्थर की खदानों में कथित अवैज्ञानिक खनन और पर्यावरण को हो रहे नुकसान के मामले में प्रशासन हरकत में आ गया है। वसुंधरा संरक्षण समिति की ओर से मामला उठाए जाने के बाद गत सप्ताह गठित संयुक्त कमेटी ने खनन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कमेटी में एसडीएम संगड़ाह, खनन विभाग, पुलिस, राजस्व और वन विभाग के अधिकारी शामिल रहे। सोमवार को एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि खनन क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद लगभग सभी संबंधित विभागों की रिपोर्ट प्रशासन को मिल चुकी है। इन रिपोर्टों को एकत्रित कर संयुक्त रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसे जल्द ही उपायुक्त सिरमौर को प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि मामले में आगामी कार्रवाई की जा सके।