हमीरपुर में आयोजित अंडर-19 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की दसवीं कक्षा की छात्रा अदिति ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। विद्यालय पहुंचने पर अदिति का स्कूल प्रबंधन और स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अदिति के पिता संदीप ठाकुर, माता नीरज ठाकुर, ताई एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की पूर्व अध्यक्ष पूनम ठाकुर और कुश्ती कोच एवं शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर भी मौजूद रहीं। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर ने अदिति और उसके अभिभावकों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि का श्रेय शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान के प्रयासों को भी दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अदिति की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष खंड से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अंडर-19 छात्र वर्ग में वॉलीबॉल और योग में विजेता और बैडमिंटन में उपविजेता रहते हुए विद्यालय ने कई ट्रॉफियां हासिल कीं और सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का खिताब भी जीता। छात्राओं ने खंड स्तर पर योग, जिला स्तर पर कुश्ती और जूडो में आठ पदक जीते। जूडो प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में नौहराधार क्लस्टर ने छात्र और छात्राओं की खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में पांच ट्रॉफियां जीतीं। कार्यकारी प्रधानाचार्य ने बताया कि शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान नियमित समय के अतिरिक्त सुबह आठ बजे से पहले और शाम पांच से छह बजे तक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देते हैं, ताकि उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।