प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी समझ को मजबूत करने के लिए डाइट नाहन में निपुण भारत मिशन के तहत पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के तीसरे दिन भी जिले के 16 ब्लॉकों से पहुंचे 64 शिक्षक प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान विकसित करने के लिए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण विधियों से अवगत करवाना है। कार्यशाला में शिक्षकों को पढ़ाने के नए तरीकों के साथ निपुण उत्सव के आयोजन और इसे बेहतर ढंग से मनाने की जानकारी भी दी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये 64 शिक्षक ब्लॉक स्तर पर प्राथमिक स्कूलों के अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके साथ ही वे डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स ग्रुप (डीआरजी) के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। कार्यशाला में जिला समन्वयक राजकुमार शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्यों और निपुण भारत मिशन को स्कूलों में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।