ठियोग(रामपुर बुशहर)। मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ठियोग में गुरुवार को ठोस कचरा प्रबंधन पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला कस्बे के सात वार्डों में कूड़े के उचित निष्पादन पर केंद्रित थी। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत कर कूड़े के वैज्ञानिक और सुरक्षित निष्पादन की तकनीक समझाई। कार्यशाला का उद्देश्य समाज में यह संदेश देना था कि कचरा प्रबंधन प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रभागीय वन अधिकारी मनीष रामपाल कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रेम पब्लिक स्कूल, हिमालयन पब्लिक स्कूल, प्राइमरी स्कूल, मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इशान पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या स्कूल के विद्यार्थियों ने कचरा प्रबंधन से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने बताया कि घरों और संस्थानों से निकलने वाले कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में बांटना चाहिए। उन्होंने गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता पर बल दिया।