आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने सोमवार को नित्थर में लुहरी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के अधिकारियों और परियोजना प्रभावित ग्रामीणों के साथ बैठक कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में ग्राम पंचायत नित्थर और देहरा के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों की समस्याओं, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों को आज भी अपने हक और अधिकारों के लिए आवाज उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि परियोजना से प्रभावित लोगों को लाभ पहुंचाने के नाम पर अब तक केवल आश्वासन मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उन्हें अपेक्षित लाभ और रोजगार के अवसर नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की प्रगति के साथ स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना भी होना चाहिए। बैठक में परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के विकास और ग्रामीणों की मांगों पर भी चर्चा की गई।