आनी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं इको टूरिज्म क्षेत्र पनेऊ के साथ लगता रानीकोट इन दिनों गंदगी की चपेट में है। करीब डेढ़ माह पूर्व यहां देवता व्यास ऋषि कुंईर और देवता पनेऊई नाग के सानिध्य में दो दिवसीय भव्य रानीकोट मेले का आयोजन किया गया था। मेले में हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भाग लिया था। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी बड़ी संख्या में दुकानें सजाकर कारोबार किया, लेकिन मेला संपन्न होने के बाद किसी ने भी इस खूबसूरत स्थल की सुध नहीं ली। नतीजतन देवदार के घने जंगलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध रानीकोट आज कचरे के ढेर में तब्दील हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मेले के दौरान मंदिर कमेटी की ओर से व्यापारियों से धनराशि भी एकत्रित की जाती है, लेकिन मेला समाप्त होने के बाद सफाई व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जगह-जगह बिखरा कचरा न केवल क्षेत्र की सुंदरता को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी खतरा बन रहा है। इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के दावों के बीच इस तरह की लापरवाही व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। हैरानी की बात यह है कि मेला संपन्न होने के डेढ़ माह बाद भी क्षेत्र की सफाई की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है। रानीकोट क्षेत्र कराणा पंचायत के अंतर्गत आता है। पंचायत प्रधान शांता कुमार ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटियों को इस विषय पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, पनेऊ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट रूपेंद्र ठाकुर ने भी समस्या की जानकारी न होने की बात कही। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही रानीकोट में फैली गंदगी को हटाकर सफाई करवाई जाएगी। अब देखना यह है कि संबंधित कमेटी और पंचायत कब तक इस प्राकृतिक स्थल को कचरे से निजात दिलाती हैं।