फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन के रामपुर दौरे में न मेडिकल कॉलेज की घोषणा, न बाईपास पर आश्वासन; कौल सिंह नेगी ने सरकार को घेरा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का दो दिवसीय रामपुर दौरा राजनीतिक सवालों के घेरे में आ गया है। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए इसे रामपुर की जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला बताया। रविवार को रामपुर में पत्रकार वार्ता में कौल सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के रामपुर प्रवास को लेकर क्षेत्र के लोगों को कई उम्मीदें थीं। लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर सरकार की ओर से कोई बड़ी घोषणा होगी, लेकिन उनके अनुसार मुख्यमंत्री बिना किसी बड़ी सौगात के लौट गए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दौरे के पहले दिन नोग वैली, लालसा, डंसा, शिंगला और दुर्गम क्षेत्र काशापाट का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। दूसरे दिन नोगली में चिट्टे के खिलाफ आयोजित रैली में हिस्सा लिया। कौल सिंह नेगी ने चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने रामपुर, ननखड़ी और झाकड़ी पुलिस थानों के साथ तकलेच, रामपुर सिटी, ज्यूरी और सराहन पुलिस चौकियों में स्टाफ की कमी दूर करने की मांग उठाई। कौल सिंह नेगी ने दावा किया कि 15 मार्च 2024 को सराहन में मुख्यमंत्री ने रामपुर क्षेत्र के लिए सात बड़ी घोषणाएं की थीं। इनमें गानवी में उपतहसील खोलना, ननखड़ी में बस अड्डा और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, भड़ावली में आईटीआई खोलना तथा रामपुर में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शामिल था। इसके अलावा नलाटी स्टेडियम का नाम राजा वीरभद्र सिंह के नाम पर करने, सरपारा झील के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये देने और किन्नू स्कूल का नाम शहीद पवन धंगल के नाम पर करने की घोषणा का भी उन्होंने उल्लेख किया। नेगी का दावा है कि इन घोषणाओं में से कोई भी अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सरपारा झील के लिए एक रुपया तक जारी नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री के रामपुर दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं की ओर से मेडिकल कॉलेज और बाईपास जैसी बड़ी घोषणाओं के दावे किए जा रहे थे। लेकिन दो दिन के दौरे में न इनका जिक्र हुआ और न ही कोई ठोस आश्वासन मिला। उन्होंने खनेरी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और दत्तनगर स्पोर्ट्स हॉस्टल की स्थिति पर भी सवाल उठाए। नेगी ने आरोप लगाया कि खनेरी अस्पताल के अधूरे ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन तो कर दिया गया, लेकिन वहां अभी तक पर्याप्त स्टाफ, उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। दत्तनगर स्पोर्ट्स हॉस्टल को लेकर उन्होंने कहा कि 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद बिजली और ट्रांसफार्मर की समस्या के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। कौल सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री के काशापाट दौरे के दौरान की गई घोषणाओं के पूरा होने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले की घोषणाओं की स्थिति को देखते हुए लोगों में नई घोषणाओं के अमल को लेकर भी सवाल पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने रामपुर कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने मजबूती से रखने वाला प्रभावी व्यक्ति नजर नहीं आता।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें