राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का सोमवार को समापन समारोह हुआ। जनहित व्यापार मंडल, ज्यूरी के अध्यक्ष संजय सोनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान स्वयंसेवियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य पदम बिष्ट ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राकेश नेगी और सह-कार्यक्रम अधिकारी परवीना चौहान ने शिविर की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने विद्यालय की ओर से गोद लिए गए गांव त्यावल में स्वच्छता अभियान चलाया। ग्रामीणों को स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न शैक्षणिक सत्रों में व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन पर जानकारी दी गई। बालिका वर्ग में जैस्मिन नेगी और बालक वर्ग में आदित्य केदारटा को सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवी चुना गया। अतिथियों ने दोनों स्वयंसेवियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि संजय सोनी ने स्वयंसेवियों को संबोधित किया। स्कूल के अंग्रेजी प्रवक्ता सिकंदर बंसल ने बताया कि समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को अतिथियों और विद्यालय परिवार ने खूब सराहा। प्राचार्य पदम बिष्ट ने शिविर के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम अधिकारियों और सभी स्वयंसेवियों को बधाई दी।