आनी क्षेत्र के पनेऊ नाग मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा से पूर्व ध्वजारोहण कार्यक्रम वीरवार को विधिवत रूप से संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में सैकड़ों ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा पनेऊ क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कार्यक्रम से पहले जलयात्रा और मंगल गीतों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ जलयात्रा में हिस्सा लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंत्रोच्चारण के बीच ध्वजारोहण संपन्न हुआ। आयोजन में देवता के पुरोहित गोपाल देव शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा और दलीप शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के आयोजन की शुभकामनाएं दीं। पुरोहितों ने कथा आयोजन के लिए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की। आयोजक रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि पनेऊ नाग मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन 12 से 19 नवंबर तक किया जाएगा। उन्होंने समस्त गढ़वासियों और श्रद्धालुओं से धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने का आह्वान किया। रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि कथा आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह है। आसपास की पंचायतों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कथा के दौरान धार्मिक प्रवचनों, पूजा-अर्चना और अन्य अनुष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बनेगा। कार्यक्रम में देवता के कारदार मालसिंह ठाकुर, रूपेंद्र ठाकुर, गुर तावे राम, बलदेव, राजकुमार, अजीत कुमार, जीत ठाकुर, सुनील, ख्याले राम, प्रदीप, रमेश ठाकुर, आलम चंद, उत्तम चंद, सुरेश कुमार, दूनी चंद, मोलक राम, मालू राम, परु राम, मोहर सिंह, बिहारी लाल सहित कई लोग मौजूद रहे। इसके अलावा कुंगश पंचायत के उपप्रधान लच्छी राम, पूर्व प्रधान राकेश कुमार, कर्म चंद ठाकुर, संजय कायथ, अनूप कायथ, शशि शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों, मंगल गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने कथा आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।