अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव से कुछ ही दिन पहले आउटर सिराज भवन की खस्ता हालत पर विधायक लोकेंद्र कुमार ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों के बीच इस महत्वपूर्ण भवन की उपेक्षा पर चिंता जताई। यह भवन दशहरा उत्सव के दौरान आउटर सिराज क्षेत्र के लोगों और प्रतिनिधियों के लिए अहम है। विधायक लोकेंद्र कुमार ने बताया कि आउटर सिराज भवन लंबे समय से रखरखाव के अभाव से जूझ रहा है। भवन के फर्नीचर की हालत खराब है। करीब दस वर्षों से इसमें पेंट तक नहीं किया गया है। रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत न होने से भवन की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में आउटर सिराज क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग कुल्लू पहुंचते हैं। ऐसे में इस भवन का महत्व और भी बढ़ जाता है। लोगों को यहां सुविधाओं की उम्मीद रहती है, लेकिन वर्तमान स्थिति निराशाजनक है।