जीबी पंत मेमोरियल राजकीय कॉलेज रामपुर में चल रही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबाल चैंपियनशिप के दूसरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों ने जमकर दमखम दिखाया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 40 कॉलेजों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। गुरुवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन अलग-अलग कॉलेजों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरे जोश के साथ खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन हुए मुकाबलों में हमीरपुर कॉलेज और ठियोग कॉलेज की टीमें आमने-सामने रहीं। मुकाबले में हमीरपुर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ठियोग कॉलेज को हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा बंगाणा और बिलासपुर कॉलेज के बीच भी मुकाबला हुआ। इसमें बंगाणा कॉलेज की टीम विजेता रही। वहीं ननखड़ी कॉलेज और पांवटा साहिब के बीच खेले गए मुकाबले में पांवटा साहिब कॉलेज ने जीत हासिल की। 40 कॉलेजों की टीमें दिखा रहीं खेल प्रतिभा तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग कॉलेजों से पहुंची टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, अनुशासन और टीम भावना देखने को मिल रही है। आयोजन सचिव डॉ. विद्या बंधु नेगी ने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ बेहतर खेल प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक खेल का अनुभव देने का अवसर प्रदान करना भी है।